Government Hospital

बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें प्राइवेट बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्करमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा राम जानकी मार्ग स्थित गंगऊपुर पेट्रोल पंप के पास हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे बेनीपुर गांव निवासी 32 वर्षीय शिवचरन पुत्र भोरई प्रसाद और 28 वर्षीय राणा प्रताप पुत्र रणविजय गायघाट से अपने घर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वे गंगऊपुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही लखनऊ से धनघटा रूट पर संचालित प्राइवेट बस ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी के साथ थानाध्यक्ष कलवारी गजेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर, कलवारी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राइवेट बसों की लापरवाही पहले भी ले चुकी है जान

क्षेत्र में प्राइवेट बसों की लापरवाही कोई नई बात नहीं है। दीपावली के दौरान दुबौलिया थाना क्षेत्र के गोकुलपुर के पास एक प्राइवेट बस ने कार को टक्कर मार दी थी। वहीं, पिछले माह लिटिल फ्लावर स्कूल के पास प्राइवेट बस की टक्कर से स्कूल बस हादसे का शिकार हुई थी, जिसमें कई बच्चे और यात्री घायल हो गए थे।

लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्राइवेट बसों की तेज रफ्तार और अवैध संचालन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस संबंध में थानाध्यक्ष कलवारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर दोषी बस चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।